संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। एपीडा (वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार) के अधीन संचालित बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान (बीईडीएफ) में डॉ. रितेश शर्मा ने निदेशक पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह प्रतिष्ठान में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे। बासमती क्षेत्र में करीब 24 वर्षों से सेवाएं दे रहे डॉ. शर्मा को देशभर में बासमती मैन के नाम से जाना जाता है।
डॉ. शर्मा ने बासमती चावल के उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों में हजारों किसानों को आधुनिक बासमती उत्पादन तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के साथ बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिली।
बीईडीएफ अधिकारियों के अनुसार, डॉ. शर्मा के मार्गदर्शन में उच्च गुणवत्ता वाले बासमती बीजों के विकास और उनकी उपलब्धता पर विशेष काम किया गया। इसके चलते मेरठ देश में बासमती बीज उत्पादन के प्रमुख केंद्रों में अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है।