‘जब तक श्रीराम तंबू में हैं ये लोग वोट मांगकर सत्ता में बैठते रहेंगे’
अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जब तक श्रीराम तंबू में हैं ये लोग वोट मांगकर सत्ता में बैठते रहेंगे। इन्हें राम मंदिर बनाना ही नहीं है। कहा कि अब अपने मान सम्मान की रक्षा के लिए हिंदुओं को एक होकर हिंदुओं की सरकार बनानी होगी। ऐसा नहीं हुआ तो बिजनौर हो, मुरादाबाद या मुजफ्फरनगर, इनका हर एक गांव पाकिस्तान बन जाएगा। 70 साल बाद मंदिर तो क्या जेहादी हिंदुओं को घर भी बनाने नहीं देंगे। लेकिन मोदी ने जेहादी मानसिकता को अब तक पराजित नहीं किया बल्कि खुशामद की है। हम मोदी को नायक मान रहे थे, लेकिन वे मस्जिद में जाकर बैठ गए। कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए 21 अक्तूबर को लखनऊ से अयोध्या तक रैली निकाली जाएगी। अगर सरकार फिर भी नहीं चेती तो 2019 में हिंदुओं की सरकार बनाई जाएगी। जिलाध्यक्ष अनिल कमल ने कहा कि देवबंद से सवा कोड़ की फौज तैषयार करने का फतवा जारी किया गया है। कहा कि अपने परिवारों की रक्षा हमें खुद करनी है। कहा कि जिस दिन हम सबको धर्म से प्यार हो जाएगा, श्रीराम मंदिर बनना शुरू हो जाएगा।
बेरोजगारी और शिक्षा के व्यवसायीकरण का मुद्दा भी उठाया
डा.तोगड़िया कार्यक्रम में किसी राजनीतिक व्यक्ति की तरह बोले। उन्होंने महंगे पेट्रोल, किसानों के कर्ज व बेरोजगारी का मुद्दा जोरशोर से उठाया। कहा कि किसान पर 12 लाख करोड़ का कर्ज है और भाजपा वाले 500 करोड़ लगाकर अपना कार्यालय बना रहे हैं। 30 रुपये लीटर पेट्रोल खरीदकर 80-90 रुपये में बेचा जा रहा है। डा.तोगड़िया ने शिक्षा के व्यवसायीकरण का मुद्दा भी उठाया। कहा कि वे जब 40 साल पहले वे डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहे थे तो उनकी फीस 300 रुपये साल थी। लेकिन अब एक करोड़ रुपया है। अब बुद्धि को एक करोड़ की फीस दबा लेती है। गरीब का बच्चा पढ़ नहीं पाता है। पढ़ भी लेता है तो नौकरी नहीं मिलती है। कहा कि साइकिल पर ओएनजी का संदेश पढ़कर सुनाने के लिए पांचवीं क्लास की अर्हता में पीएचडी वाले आवेदन कर रहे हैं।
अभियान का सदस्य बनने की अपील
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चलाई जा रही रैली से उन्होंने जनता को जोड़ने की पूरी कोशिश की। कार्यक्रम में मोबाइल से 8010331170 नंबर पर फोन कर इस अभियान का सदस्य बनने को कहा। अधिक से अधिक संख्या में अयोध्या आने का आह्वान किया।
हिंदुओं को एक किया जाएगा
प्रेस वार्ता में डा.प्रवीण भाई तोगड़िया ने हिंदुओं की सरकार बनने के बारे में पूछा गया तो कहा कि समय आने पर पता चल जाएगा। राजनीतिक पार्टी बनाने के बारे में कहा कि पार्टी बनाना कोई गुनाह नहीं है। 52 साल से वे जिनके लिए चप्पल घिस रहे थे, वे तो हिंदुओं की बात करना भूल गए हैं। एससीएसटी एक्ट में हिंदुओं में मतभेद होने पर उन्होंने कहा कि हिंदुओं में बिखराव आ रहा है, उन्हें एक किया जाएगा। श्रीराम मंदिर बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण या तो 2019 के चुनाव से पहले शुरू हो जाएगा या फिर हिंदुओं की अगली सरकार राम मंदिर बनवाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/