बिजनौर। चंदक क्षेत्र में पिछले करीब 15 सालों से तैनात रहे डॉ. देवेंद्र कुमार से सीएचसी मंडावर और पीएचसी चंदक का चार्ज छिन गया है। चंदक पीएचसी पर अमर उजाला की टीम के स्टिंग के बाद सीएमओ ने यह कार्रवाई की है।
टीम ने बुधवार को पीएचसी चंदक पर स्टिंग किया था। स्टिंग में सामने आया कि यहां लैब टेक्नीशियन ने निशुल्क जांच के लिए भी पैसे लिए। अमर उजाला में बृहस्पतिवार के अंक में सरकारी अस्पताल में 100 जांच फ्री, फिर भी ले रहे पैसे शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी डॉ. देवेेंद्र कुमार, लैब टेक्नीशियन रामधन के खिलाफ तरण की कार्रवाई की।
सीएमओ ने डॉ. देवेंद्र को तत्काल मंडावर सीएचसी का प्रभार चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष चौधरी और चंदक पीएचसी का प्रभार डॉ. अरुण कुमार को देने के निर्देश दिए। उन्हें जिला मुख्यालय पर डिप्टी सीएमओ के पद पर समायोजन किया है। चंदक पीएचसी में संविदा पर कार्यरत लैब टेक्नीशियन रामधन को अतिरिक्त पीएचसी हरगनपुर, कोतवाली स्थानांतरित किया।
डॉक्टर के खिलाफ कई बार हुए धरना प्रदर्शन
डॉ. देवेंद्र लंबे समय से चंदक क्षेत्र में ही कार्यभार संभाल रहे थे। उनका कार्यक्षेत्र बदलने के लिए अलग-अलग संगठनों ने कई बार धरना प्रदर्शन किया। लेकिन, उनका स्थानांतरण नहीं हुआ।
चंदक पीएचसी प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार और लैब टेक्नीशियन रामधन का तबादला किया है। उनका प्रभार दूसरे चिकित्सक को दिया गया है। सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को मरीजों के हितों में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ, बिजनौर