माछरा। ब्लॉक क्षेत्र की पसवाड़ा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर डीपीआरओ का घेराव करके हंगामा किया। उन्होंने कहा कि एसडीएम मवाना द्वारा रास्ते में मिट्टी डालने के कार्य पर रोक लगाने के आदेश के बाद भी ग्राम प्रधान ग्रामीणों को परेशान कर रहा है।
पसवाड़ा के ग्रामीण सतेन्द्र कुमार, अलवार ठेकेदार, महेन्द्र, जगवीर सैनी, अमरपाल आदि ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक लेने आए डीपीआरओ का घेराव कर हंगामा किया। यहां कर्मवीर सिंह, शशी शर्मा, अमित कुमार आदि ने ग्रामीणों को शांत किया। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान ने एसडीएम मवाना द्वारा बहरोड़ा मार्ग पर मिट्टी डालने के कार्य पर रोक लगाने के आदेश बीडीओ एवं एसएचओ परीक्षितगढ़ को किए थे। इसके बावजूद प्रधान ने आलाधिकारियों के आदेश को नहीं माना और मिटटी डलवाना जारी रखा। कई फिट ऊंची मिट्टी पड़ने से जलभराव के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, डीपीआरओ आलोक सिन्हा ने ब्लॉक के ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार, प्रियंका यादव, कर्मवीर सिंह, लोकेश कुमार को रास्ते की समस्या का स्थलीय निरीक्षण करने को भेजा और कहा कि जो निर्णय ग्रामीणों के लिए उचित होगा वही कराया जाएगा।
पसवाड़ा के ग्राम प्रधान पति मनोज मलिक ने बताया कि एसडीएम मवाना के निर्णय के अनुसार कार्य तभी बंद करा दिया गया था। एसडीएम मवाना एवं बीडीओ माछरा के निर्देशानुसार जो भी ग्रामीणों के हित में होगा वही रास्ते का निर्माण कराया जाएगा। वह गांव की जनता के हित मे कार्य कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग बाधा पहुंचा रहे हैं।