मेरठ। ब्रिटिश कालीन सिटी रेलवे स्टेशन की सूरत बदलकर 1857 की क्रांति की झलक देकर विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार की गई डीपीआर पर अब जनता को काम का इंतजार है। 110 साल पुराने मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन की बहुमंजिली इमारत बनाने, वातानुकूलित होटल, पार्किंग, मॉल जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार बजट भी दे चुकी है।
फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम करके सिटी रेलवे स्टेशन के नए भवन की आधारशिला भी रख चुके हैं, लेकिन अभी तक सिटी स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधा तो दूर प्रदेश स्तरीय सुविधा भी नहीं मिल रही है।
प्रधानमंत्री ने फरवरी 2024 में अमृत भारत रेलवे योजना के तहत देशभर में 554 रेलवे स्टेशनों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम किया था। इन रेलवे स्टेशनों में मेरठ सिटी स्टेशन भी शामिल है। सिटी स्टेशन के लिए 473 करोड़ की परियोजना की आधारशिला रखी थी। उस समय प्रधानमंत्री ने इन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ साथ रेलवे ओवरब्रिज व अंडरपास का शिलान्यास व लोकार्पण करके राष्ट्र को समर्पित किया था।
केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप रेलवे स्टेशन के पुराने भवन को तोड़कर नए भवन का निर्माण किया जाना है। वह भी बहुमंजिला। स्टेशन के नए भवन में सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। जो बाहर से आने वाले पर्यटक यात्रियों को स्टेशन से ही मेरठ क्रांति धरा 1857 की क्रांति की झलक देखने को मिलेगी।
- सिटी रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने के बाद मेरठ के विकास को और पंख लेंगे। हमने इस संबंध में कुछ दिन पहले ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और डीआरएम से बात की थी। रेलवे स्टेशन के नए भवन निर्माण के लिए दिसंबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी होनी थी। डीआरएम से बात करके जानकारी ली जाएगी। - अरुण गोविल, सांसद
- सिटी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लेस करने का बड़ा कार्य है। इसलिए थोड़ा समय लग रहा है। रेल मंत्रालय में पत्राचार करके नवीन जानकारी ली जाएगी। रेलवे से हमने कई अन्य मांगें भी की हुई हैं। - अमित अग्रवाल, कैंट विधायक