मवाना की पॉश प्रीत नगर कॉलोनी में दर्जनभर युवकों ने मचाया उत्पात, दरवाजों और वाहनों पर बरसाए डंडे
मवाना। नगर की पॉश प्रीत नगर कॉलोनी में शनिवार रात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। घरों के दरवाजों पर डंडे बरसाए तथा वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। कॉलोनी वासियों ने तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रीतनगर कॉलोनी निवासी प्रशांत शर्मा, गौरव रस्तोगी व मयंक गहलौत ने तहरीर में कहा है कि शनिवार रात करीब आठ बजे 10-12 युवक अपने हाथों में लाठी-डंडे लेकर कॉलोनी में आए और कॉलोनी में प्रत्येक मकान के दरवाजों पर डंडे मारते गए। गली में खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उपरोक्त लड़कों के चेहरे गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। जिनमें से एक युवक की पहचान हुई है। अन्य युवकों ने अपने मुंह कपडे़ से ढक रखे थे। आरोपी युवक कॉलोनी में आतंक मचाने के उद्देश्य से हुड़दंग मचाते हुए निकले। जिससे कॉलोनी वासी सहमे हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीन दिन पहले भी पीएनबी बैंक के सामने एक दुकान का ऐसा ही मामला सामने आया था। उसमें भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस प्रकार का काम करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।