सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में बीए-एलएलबी, एलएलबी और एलएलएम में ऑनलाइन परीक्षा के पैटर्न को लेकर आज निर्णय लिया जाएगा। कैंपस में डिजिटल कमेटी की बैठक बुलाई गई है। इसमें ही परीक्षा की तिथि भी घोषित होगी। आठ जुलाई से जारी हुआ बीए-एलएलबी की परीक्षा का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है। इन तीनों परीक्षाओं की नई तिथि जल्द घोषित होगी। आठ जुलाई से होने वाली वार्षिक परीक्षा एवं 15 से होने वाली सेमेस्टर परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड होने शुरू हो गए हैं।
बीए-एलएलबी, एलएलबी और एलएलएम की परीक्षाओं को लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया की तरफ से ऑनलाइन आयोजन पर भी सहमति दी जा चुकी है। ऐसे में कुछ छात्र-छात्राएं ऑनलाइन परीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर विवि प्रशासन की तरफ से डिजिटल कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी मंगलवार को अपनी रिपोर्ट देगी। परीक्षा का पैटर्न बहुविकल्पीय ही रहेगा। मंगलवार को इन परीक्षाओं के पैटर्न के साथ तिथियों की घोषणा हो जाएगी। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि एडमिट कार्ड विवि की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
एलएलबी-एलएलएम में परीक्षा फार्म भरने का मौका
जिन छात्र-छात्राओं ने एलएलबी अंतिम सेमेस्टर और एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर में परीक्षा फार्म नहीं भरे थे, उनको अब फार्म भरने का अंतिम मौका दिया गया है। 13 जुलाई फार्म भरने की अंतिम तिथि है। लिस्ट विवि भेजने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। जिन छात्र-छात्राओं ने परीक्षा फार्म भर दिया था, लेकिन वे सत्यापित नहीं करा पाए थे, वे भी अपना फार्म सत्यापित करा लें। विवि ने ये अंतिम मौका दिया है।