मवाना शुगर श्रमिक संघ के मंत्री को घर के बाहर घेरा, जान से मारने की धमकी
बोले- नेतागिरी करना छोड़ दे, चार लोग धमकी देकर भागे
प्रशासन से भी मामले की जांच कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मवाना शुगर मिल में श्रमिक संघ के मंत्री को चार अज्ञात लोगों ने घर के बाहर घेरकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने यूनियन की सक्रियता छोड़ने और मिल परिसर में ड्यूटी पर न आने का दबाव बनाया। पीड़ित ने थाने में शिकायती पत्र देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
मवाना शुगर श्रमिक संघ के मंत्री और नंगलागल निवासी कुशलपाल सिंह तोमर ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 20 वर्षों से शुगर मिल में नौकरी कर रहे हैं। वर्ष 2019 से मवाना श्रमिक संघ के मंत्री हैं। एक नवंबर की शाम को वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे तभी उसके मकान से लगभग 150 मीटर की दूरी पर चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने उनका नाम लेकर धमकी दी कि वह बहुत बड़ा श्रमिक नेता बनता है और नेता गिरी करना छोड़ दे। चेतावनी दी कि आज के बाद मवाना शुगर मिल में ड्यूटी करने मत जाना, वरना जान से मार देंगे। उनके विरोध करने पर आरोपी अपनी बाइकों से भाग गए। पीड़ित ने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी उसकी गैर-मौजूदगी में लगभग दो वर्ष पूर्व उसके घर पर आकर धमकी दी गई थी। श्रमिक नेता ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।