मेरठ। शब-ए-बरात पर आतिशबाजी न करें, इबादत करें और दुआएं मांगें। ऐसा कोई काम न करें, जिससे भाईचारा कमजोर हो। एक दूसरे की भावना का सम्मान करें। शब-ए-बरात के मद्देनजर बुधवार को नाला रोड स्थित एक होटल में शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें उलमा ने लोगों से यह अपील की है।
कारी अफ्फान कासमी ने कहा कि शब-ए-बरात पर आतिशबाजी करना, रतजगा करना और स्टंट करना बिल्कुल हराम है। बहुत बड़ा गुनाह और इस्लाम में अजीम जुर्म है। काजी हस्सान कासमी ने कहा कि आतिशबाजी न हो इसके लिए जलसे का आयोजन करके लोगों को जागरूक करेंगे और जिम्मेदार लोगों को सड़क पर खड़े करेंगे जिससे कोई स्टंट या आतिशबाजी न करें। एसपी सिटी आईपीएस आयुष कुमार सिंह ने कहा कि अपील है कि शांति बनाए रखें। पुलिस हर वक्त सहायता में रहेगी। कानून व्यवस्था नहीं बिगड़नी चाहिए। इस दौरान एडीएम सिटी ब्रजेश कुमार, मोहम्मद आरिफ, सालिम, कासिम, हाजी उमर, जाहिद, नदीम आदि मौजूद रहे।
दीनी जलसों में शरीक हों, अगले दिन का रोजा रखें
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आतिशबाजी से न सिर्फ दुनियावी नुकसान है बल्कि आखिरत में भी बड़ा नुकसान है। यह अपील जमीयत उलमा ए हिंद ने लोगों से की है। नायब शहरकाजी जैनुर राशिदीन सिद्दीकी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शब-ए-बरात है। ज्यादा से ज्यादा कुरान पढ़ें और इबादत करें। दीनी जलसों में शरीक हों और अगले दिन रोजा रखें। ऐसा कोई काम न करें जिससे अमन चैन प्रभावित हो। अपने बच्चों को कुरान पाक जरूर पढ़ाएं। दीनी और दुनियावी दोनों तालीम बच्चों को दिलवाएं। अभी से रमजान की तैयारी में लग जाएं, क्योंकि शाबान के महीने के बाद अगला महीना रमजान का है। नमाज पाबंदी से पढ़ें और अपने बच्चों व लोगों को हिदायत भी करें।
स्टंट और आतिशबाजी करने वाले रहेंगे पुलिस के रडार पर
- थाना नौचंदी में हुई शांति समिति की बैठक में सीओ ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। नौचंदी थाने में बुधवार को शब-ए-बरात के मद्देनजर शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें सीओ अभिषेक तिवारी ने कहा कि बाइकों पर स्टंट व हुड़दंग करने वाले पुलिस के रडार पर रहेंगे। पुलिस किसी भी शरारती तत्व को शहर का अमन खराब नहीं करने देगी। इसके लिए शहर संभ्रांत लोगों से सहयोग मांगा गया। बाले मियां मजार के मुतवल्ली एम.अशरफ मुफ्ती ने लोगों से आतिशबाजी और बाइक पर स्टंट व हुुड़दंग न करने की अपील की। इस दौरान मेराजुद्दीन अंसारी, इकराम सैफी, इलम सिंह, मुकेश कुमार, हरिओम, जफर चौधरी, आसिफ कस्सार, मोनिस अब्बास और गफ्फार सैफी आदि शामिल रहे।
शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की
मेरठ। अल्वी एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बैठक कर शब-ए बरात के मौके शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अध्यक्षता सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष मो. अतीक अल्वी व संचालन सहायक मीडिया प्रभारी शाहरुख अल्वी ने किया। इस दौरान हाजी फखरुद्दीन अल्वी, हाजी मेहराज अल्वी, डॉ अलीजान अल्वी, हनीफ फौजी आदि मौजूद रहे। संवाद