कुत्ते के काटने से जख्मी हुए लोग
- फोटो : अमर उजाला
बागपत जनपद में छपरौली थाना क्षेत्र के टांडा गांव में एक पागल कुत्ता लोगों के लिए मुसीबत बन गया। सोमवार को डेढ़ घंटे में इस कुत्ते ने गांव में 50 ग्रामीणों और 20 से अधिक पशुओं को काट लिया। गांव में भगदड़ की स्थिति बन गई। युवाओं ने कुत्ते को घेरा और लाठी-डंडों से मार दिया। घायलों का सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार कराया गया है।
टांडा गांव में सोमवार सुबह छह बजे पागल कुत्ते ने ग्रामीणों पर हमला करना शुरू किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद नवाजिश खान ने बताया कि जो भी सड़क पर दिखाई दिया, कुत्ता उसी पर झपट पड़ा। गांव में हल्ला मच गया। करीब डेढ़ घंटे तक कुत्ते ने पूरे गांव में घूमकर लोगों को काटा। गांव के मुख्य मार्ग पर नांगल के लोगों पर भी कुत्ते ने हमला किया। करीब 50 ग्रामीण और 20 पशुओं को घायल कर दिया। गांव में शोरशराबा होने पर युवक लाठी डंडे लेकर सड़क पर निकले। युवकों ने कुत्ते को घेरकर मार दिया।
इसके बाद गंभीर रूप से घायल 40 लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपरौली पहुंचकर रैबीज का इंजेक्शन लगवाया और उपचार कराया। इंजेक्शन लगवाने के लिए पीड़ितों की कतार लग गई। दोपहर तक ग्रामीण आते रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजेंद्र मलिक ने बताया कि टांडा के दर्जनों ग्रामीणों ने रैबीज के इंजेक्शन लगवाए हैं। अन्य लोग निजी चिकित्सकों के यहां पहुंचे।
इन पर किया हमला
आजमीन, नाजमा, फारुख, महताब, आशीष, बबीता, मोनू, ऊषा, जीशान खान, सनव्वर, महकार, सलीम समेत 50 लोग।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/