ड्रोन की अफवाहों के संबंध में थाने में बैठक लेते सीए। (मवाना)
मवाना/फलावदा। रात के समय उड़ रहे ड्रोन से परेशान ग्रामीणों की समस्या को लेकर सीओ ने थाने में बैठक कर जानकारी दी कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल द्वारा सर्वे ऑफ इंडिया के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे ड्रोन के माध्यम पायनियर कंपनी द्वारा करवाया जा रहा है। इससे किसी को कोई नुकसान नहीं होगा। अराजक तत्वों द्वारा भ्रामक रूप से इस बात प्रचारित किया जा रहा है। इससे कम-पढ़े लिखे लोगों में भय का माहौल बन गया है। अफवाहों पर कतई ध्यान न दें, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीओ अभिषेक पटेल ने थाना परिसर में आयोजित बैठक में कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के गांव में आने-जाने की यदि कोई सूचना प्राप्त होती है तो ऐसे संदिग्ध व्यक्ति के साथ कोई मारपीट न करे, बल्कि इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या 112 पर दें। कानून अपने हाथ में लेने का प्रयास न करें। गांव में जिस किसी के पास भी लाइसेंसी हथियार हैं, वह ऐसी स्थिति में ग्रामीणों के भड़काने पर आवेश में आकर किसी के ऊपर कदापि फायर न करें, बल्कि इसकी सूचना पुलिस को दें। ड्रोन या ड्रोन जैसी वस्तु से किसी को कोई खतरा नहीं है। लोगों को इस बारे में बताएं। ग्राम प्रधान/सभासद उक्त अफवाह का खंडन करते हुए वीडियो बनाकर ग्रुप में डालें।
उन्होंने किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी मवाना 9454403987, थाना कार्यालय मवाना 7088641008, चौकी प्रभारी बस स्टैंड 9258238079, चौकी प्रभारी मवाना 9258238077, चौकी प्रभारी सुभाष बाजार 9258238078, चौकी प्रभारी सठला 9258238160 और चौकी प्रभारी मटौरा को 9258238136 इन नंबरों पर सूचना देने के लिए कहा। बैठक में थाना प्रभारी, ग्राम प्रधान व नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।