मेरठ। फरवरी माह से बोर्ड परीक्षाओं का आगाज होने जा रहा है। ऐसे में बच्चों के दिमाग पर काफी प्रेशर है, लेकिन यह दवाब ठीक नहीं है। मनोवैज्ञानिक डॉ. रवि राणा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के तनाव में बच्चे एंग्जाइटी के शिकार हो रहे हैं। अस्पतालों के मानसिक रोग विभाग में इस बीमारी के शिकार बच्चों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टरों ने अभिभावकों को बच्चों को दूसरे बच्चों की तुलना में दबाव नहीं डालने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान बच्चों को चाय कॉफी से दूर ही रखें। ऐसा इसलिए क्योंकि यह दोनों चीज नींद को दूर करती है। ऐसे में बच्चा जब अधिक घंटे पढ़ाई करता है वह बिना पर्याप्त नींद लिए करता है। जिससे उस समय मानसिक तनाव बढ़ जाता हैं, साथ ही सिर दर्द की समस्या भी शुरू हो जाती है। चाय व कॉफी पीने के बाद बच्चा देर रात तक पढ़ाई करता है तो उससे स्ट्रेस का स्तर भी बढ़ जाता है। रात में तीन बजे जब बच्चा सोता है और सुबह उठता है तो रात की पढ़ी हुई सारी चीज भूल जाता है।
अभिभावक बच्चों से करें दोस्ताना व्यवहार
मनोचिकित्सक डॉ. रवि राणा ने बताया कि परीक्षा की तैयारी में बच्चे चिड़चिड़ेपन का शिकार भी हो रहे हैं। इससे अभिभावक भी परेशान हैं, ऐसे में अभिभावक भी जाने अनजाने में ही अपने बच्चे की तुलना दूसरे बच्चों से करके उन पर और मानसिक दबाव बढ़ा रहे हैं। अभिभावक परीक्षा में अधिक नंबर लाने का दबाव भी बनाते हैं। बच्चों पर पढ़ाई को लेकर दबाव बनाना सही नहीं है। उनसे दोस्ताना व्यवहार करें, तभी वह परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
देर रात तक गैजेट्स से नहीं, किताबों से करें पढ़ाई
मोबाइल व अन्य स्क्रीन गैजेट्स आज के दौर में हमारी जिंदगी में महत्वपूर्ण हो गए हैं। इनका इस्तेमाल बच्चे पढ़ाई के दौरान करते हैं। मोबाइल से बच्चों को पूरी तरह से अलग करना भी ठीक नहीं है। ऐसे में माता पिता इस बात का ध्यान रखें की रात आठ बजे से पहले ही बच्चे मोबाइल पर पढ़ाई से संबंधित जानकारी हासिल करें। रात आठ बजे के बाद किताबों से ही पढ़ाई करें तो ज्यादा बेहतर होगा। पढ़ाई ऐसी जगह करें जहां शोरगुल बिल्कुल न हो।
शांत माहौल में रहें, व्यायाम भी जरूरी
परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थी पूरी नींद लें। इससे उनकी याददाश्त अच्छी होगी और जो उन्होंने पढ़ा होगा, वह याद रहेगा। इसके अलावा शारीरिक व्यायाम यानी फिजिकल एक्सरसाइज भी एकाग्रता को बढ़ाने में कारगर है। एक्सरसाइज पर ध्यान देना भी जरूरी है। डॉ. रवि राणा ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के समय शांत माहौल में रहें। लगातार पढ़ाई के बीच पांच से दस मिनट तक का ब्रेक जरूर लें।
बच्चों में ये लक्षण हैं तो चिकित्सक से लें सलाह
बहुत कम या ज्यादा सोना, पढ़ाई पर फोकस न कर पाना, लोगों से मिलने से कतराना, चिड़चिड़ापन, गुस्सा करना, निराश रहना, डरना, कहीं खोए रहना, बहुत ज्यादा भूख लगना या बहुत कम खाना, लगातार सिर दर्द होना, पेट खराब होना, जल्दी-जल्दी तबीयत खराब होना, दिल की धड़कन बढ़ना, सांस लेने में परेशानी होना आदि हो तो ऐसे में अभिभावकों का व्यवहार बच्चों के साथ सही होना चाहिए और बच्चों के लिए चिकित्सकों से सलाह लें।