लोक निर्माण विभाग ने गड्ढों का किया था पैचवर्क
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। हर समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यों पर सवाल खड़े रहते हैं। उसके बावजूद भी विभाग की कार्यशैली सुधर नहीं रही है। शहर की लाइफलाइन बन चुके बिजली बंबा बाईपास पर गड्ढों का पैचवर्क किया गया गया था। महज दो दिनों के अंदर सड़क दोबारा से टूट गई। इन गड्ढों से रात के समय गुजरने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। इसके बावजूद भी विभाग की नींद नहीं टूट रही है।
मेरठ से चलने पर भड़ाना फार्म हाउस से लेकर जुर्रानपुर फाटक तक के हिस्से में कई स्थानों पर गड्ढे हो चुके हैं। दो दिन पहले ही लोक निर्माण विभाग ने गड्ढों का पैचवर्क कराया था लेकिन महज ये दो दिन ही चल सके। इससे कार्य करने वाले ठेकेदार पर भी सवाल खड़े होते हैं। हाल ही में कमिश्नर सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर में सड़कों पर हो रहे गड्ढ़ों पर मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी सड़कों की मरम्मत में इस तरह की लापरवाही बरती जा रही है।
कई महीनों तक टूटी रही सड़क
इस सड़क के छोटे से हिस्से पर पैचवर्क को कराने में लोक निर्माण विभाग ने लगभग तीन महीने से अधिक का समय लिया। शहर से जाम से बचने के लिए अधिकतर लोग बिजली बंबा बाईपास का ही सहारा लेते हैं। पैचवर्क भी उसी स्थान पर किया गया जहां अधिक गड्ढे थे। इस रोड़ पर आगे भी आईवीएवाई स्कूल के पास बीच सड़क में कई महीनों से गड्ढे से हैं। इसे देखने की जरूरत भी लोक निर्माण विभाग ने नहीं समझी।