आरटीओ प्रवर्तन दल डग्गामारों बसों पर कार्रवाई करने सड़क पर तो आया पर इन पर रोक नहीं लगा पाया। मंगलवार को अमर उजाला माई सिटी में खबर छपने के बाद चेते आरटीओ प्रवर्तन दल ने मंगलवार को दो डग्गामार बसों को सीज किया। दो बसें सीज होने के बाद बस डग्गामार बसों के संचालकों ने कुछ देर संचालन बदं कर दिया, लेकिन टीम के हटते ही फर्राटा भरने लगी। देर शाम तक बसों का संचालन बेखौफ होता रहा। न तो इन्हें प्रवर्तन दल ने रोका और न ही चौराहों पर खड़े पुलिस कर्मियों ने। साफ है कि बिना किसी शह के इस तरह बसों का संचालन नहीं हो सकता।
दिल्ली रोड के अलावा गढ़ रोड और बागपत रोड पर डग्गामार बसें नजर आने लगी हैं। रोडवेज के समानांतर डग्गामार बसों का संचालन हो रहा है। सत्ताधारी नेताओं, पुलिस और परिवहन अधिकारियों के संरक्षण में चल रही इन डग्गामार बसों को कोई रोकने वाला नहीं है। अमर उजाला माय सिटी में चले अभियान के बाद कुछ दिन बंद रहने के बाद अब ये बसे नए रंग में सड़क पर लौट आई हैं। पिछले एक सप्ताह से इन बसों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा है। एआरटीओ दिनेश कुमार ने बताया कि एक बस दिल्ली रोड पर एक बस गढ़ रोड पर पकड़कर सीज की गई। आरटीओ डॉ. विजय कुमार ने बताया कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जो भी बस चलती मिलती है उसे पकड़कर सीज किया जा रहा है।