मेरठ। मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं और कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में लापरवाही को लेकर भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है, लगातार कोरोना से मरीजों की मौत हो रही है। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से इसकी रिपोर्ट मांग ली है।
दरअसल शुक्रवार को टीपीनगर क्षेत्र के नई बस्ती निवासी 45 वर्षीय कोरोना संक्रमित मरीज की अपनी पत्नी से बातचीत करते समय ऑडियो वायरल हुई थी। जिसमें मरीज कह रहा था कि वह दुर्घटना में घायल हुआ है, लेकिन मेडिकल में उसका इलाज नहीं किया जा रहा है। इससे अच्छा उसे जहर का इंजेक्शन लगवा दिया जाए। वहीं बागपत निवासी एक अन्य मरीज के भाई ने भी आरोप लगाया था कि उसने मरीज के पास नया मोबाइल फोन व अन्य सामान भिजवाया था, लेकिन पांच दिन बाद भी मरीज को फोन नहीं मिला है। इसके बाद शनिवार को भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से फोन पर बाचीत भी की और इसके बाद पूरा मामला डीएम को अवगत कराया।
डीएम के. बालाजी ने आश्वासन दिया है कि कोरोना मरीजों का बेहतर इलाज किया जाएगा। उनके परिवार के लोगों की समस्याएं भी सुनी जाएंगी। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को आवश्यक निर्देश दिए हैं।