मेरठ में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को एक आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि जेईई मेंस की परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र ही वाहन पास माना जाएगा। उन्होंने बताया कि कावड़ यात्रा के चलते 25 से 30 जुलाई तक जेईई मेंस परीक्षा का आयोजन होना है। परीक्षा का आयोजन मेरठ के दो सेंटर भारत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बाईपास रोड परतापुर और मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी एन-58 बाईपास बागपत रोड क्रॉसिंग में अलग-अलग तारीखों में किया जाना है।
बताया गया कि जेईई मेंस परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा कराया जाएगा। कावड़ यात्रा एवं जेईई मेंस की परीक्षा दोनों को सकुशल संपन्न कराया जाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि कावड़ यात्रा के चलते दोनों एग्जाम सेंटर पर आने वाले परीक्षार्थियों के लिए वाहन पास के रूप में परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र मान्य होगा। संबंधित अधिकारी अनुपालन सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें: UP: खेत में मिला अंग्रेजों के दौर का तोप का गोला, मजदूरों में मचा हड़कंप, देखने वालों की उमड़ी भीड़
जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों से भी अपील की है कि इस दौरान कावड़ यात्रा में कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है इसलिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए घर से समय से निकलें। जिससे सही समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित समस्त अधिकारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।