मेरठ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में परिवहन विभाग कई कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को आरटीओ में महिलाओं और बालिकाओं के लिए ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कैंप लगाया जाएगा। सुबह 11 बजे से डीएल बनने शुरू होंगे। एआरटीओ प्रशासन श्वेता वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत कैंप लगाया जा रहा है। महिलाएं इसका लाभ उठाएं। अपने सभी प्रमाणपत्र साथ लेकर आएं। ब्यूरो
आज शुरू होगा ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट
मेरठ। साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से राजकीय आईटीआई साकेत में तैयार हुआ ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट आज से शुरू होगा। एआरटीओ प्रशासन श्वेता वर्मा ने बताया कि अभी इंस्टीट्यूट के ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक पर तकनीकी कार्य होना बाकी है। बुधवार से स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट मैनुअल तरीके से ट्रैक पर ही लिए जाएंगे।
स्थायी लाइसेंस आवेदकों को बायोमेट्रिक और स्क्रूटनी आदि के लिए आरटीओ में आना होगा। यहां प्रक्रिया पूरी कराने के बाद गाड़ी चलाकर दिखाने के लिए साकेत स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट पहुंचना होगा। यहां पास होने के बाद ही अभ्यर्थी का लाइसेंस बन पाएगा। आरआई राहुल शर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजे से 12:30 बजे के टाइम स्लॉट वाले अभ्यर्थियों का टेस्ट एक बजे से शुरू होगा। ब्यूरो