पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने आज यानी बुधवार को करवाचौथ का व्रत रखा है। सुहागिनों ने मंगलवार को देर रात तक खरीदारी की। मेहंदी की दुकान और ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी लगवाने के लिए देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं। इस बीच पति भी पत्नियों के लिए गिफ्ट खरीदने में व्यस्त रहे। संयुक्त व्यापार संघ सहित विभिन्न व्यापारिक एसोसिएशनों से मिले आंकड़ों के अनुसार बीते सात दिन में 200 करोड़ के आसपास कारोबार हुआ है।
दशहरा के बाद से ही करवाचौथ की खरीदारी की जा रही है। पिछले चार दिनों में सर्वाधिक कारोबार हुआ है। कपड़े, गहने, सौंदर्य प्रसाधन, जूते, चप्पल, बर्तन, पूजन सामग्री, मिष्ठान सभी वस्तुओं की बाजार में जबरदस्त खरीदारी हुई है। मंगलवार को सराफा बाजार में भी खासी रौनक रही।