मेरठ। जिले के दिव्यांगों को निशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण मिलेंगे। इसके लिए दिव्यांगों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल http://divyangjanup.upsdc.gov.in विकसित किया गया है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शैलेश राय ने बताया कि जनपद के ऐसे पात्र दिव्यांगजन जिन्हें कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों ट्राईसाईकिल, बैशाखी, कान की मशीन, व्हीलचेयर, नेत्रहीन छड़ी आदि उपकरणों की आवश्यकता हो तो वह पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की मूल कॉपी जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विकास भवन में जमा की जाएगी। आवेदन पत्र के साथ दिव्यांगता दर्शाता रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, हाईस्कूल अंकतालिका, पहचान प्रमाण पत्र वोटर आईडी, यूडीआईडी कार्ड की जरूरत होगी। पात्र के लिए शहरी क्षेत्र में 56,460 वार्षिक और ग्रामीण क्षेत्र में 46,080 वार्षिक आय होनी चाहिए। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा निर्गत दिव्यांग प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, उपकरण के लिए चिकित्साधिकारी से संस्तुति प्रमाण-पत्र की आवश्यकता भी होगी।