मेरठ। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी दिव्या काकरान मंगलवार को सचिन प्रताप सिंह के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। वह कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को दो बार पदक दिला चुकी हैं। मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पुरबालियान की रहने वाली हैं और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हैं, जबकि राष्ट्रीय पावरलिफ्टर सचिन प्रताप सिंह मूल रूप से शामली जिले के जाफरपुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता भानू प्रताप सिंह मेरठ पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय ( पीटीएस ) में दरोगा हैं।
सचिन का परिवार मेरठ पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में ही रहता है। दिव्या के पिता सूरज पहलवान व सचिन के दादा भोपाल सिंह आपस में दोस्त थे। दोनों परिवारों ने दोस्ती को रिश्तेदारी में बदलने पर सहमति जताई। शादी के लाल जोड़े में दिव्या काकरान चांदी सी चमक रही थीं, तो वहीं घोड़ी पर सवार होकर सचिन शेरवानी में सभी के दिल को भा रहे थे। शादी समारोह में देसी लुक देखने को मिला, चारपाई और मूढ़े का गांव का कल्चर देखने को मिला। बारातियों के स्वागत के बाद दिव्या की शानदार एंट्री ने शादी में समां बांध दिया। बारातियों ने शादी में डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। शादी में भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण, केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान, उप्र राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल दिव्या को आशीर्वाद देने पहुंचे। समारोह में दिव्या की मां संयोगिता, भैया दीपक काकरान, भाभी नीना, लंदन स्पोर्ट्स निदेशक अपूर्व गुप्ता, डीएवी के शिक्षक विनीत त्यागी और द कलाम के मालिक सनी राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।