स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रेक पर होगा आयोजन, रजिस्ट्रेशन कल से शुरू होंगे
जिला एथलेटिक संघ की ओर से किया जाएगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला एथलेटिक संघ की ओर से एक अगस्त को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला यूथ एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। तियोगिता नवनिर्मित सिंथेटिक ट्रैक पर होगी।
सचिव अनु कुमार ने बताया कि जो खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य एथलेटिक्स संघ के द्वारा निर्धारित मानकों को पूरा करेंगे उनको राज्य यूथ प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। प्रतियोगिता की ऑनलाइन एंट्री जिला एथलेटिक संघ की वेबसाइट www.daasport.com पर 23 जुलाई से प्रारंभ होगी और अंतिम तिथि 29 जुलाई शाम 5:00 बजे तक रहेगी ।
जिन खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा उन्हें भारतीय एथलीट संघ की यूआईडी रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध कराना अति अनिवार्य होगा, इसलिए सभी खिलाड़ी शीघ्र अपनी यूआईडी भारतीय एथलीट संघ की वेबसाइट www.indianathletics.in पर अवश्य बनवा लें।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी जिन रनिंग स्पाइक का प्रयोग करेंगे उसमें केवल 3एमएम और 4एमएम की नेल्स ही प्रयोग करने की अनुमति होगी। जिन खिलाड़ियों के पास सिंथेटिक ट्रैक की नेल्स नहीं होगी वह प्रतिभाग नहीं कर सकेंगे। यदि किसी खिलाड़ी के बैग में या अन्य किसी जगह कोई भी नीडल, इंजेक्शन, दवाई इत्यादि पाई जाएगी तो उसको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जाएगा।
बालक व बालिका वर्ग में होंगे इवेंट
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1000 मीटर दौड़। 5000 मीटर रेस वॉक, 110मीटर हर्डल (बालक),100 मीटर हर्डल (बालिका), लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, डिस्कस थ्रो होगी।