जिला पंचायत सदस्य के पति पर हमला
मुजफ्फरनगर। शहर के भोपा रोड पर शुक्रवार देर रात जिला पंचायत सदस्य के पति पर कुछ लोगों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला पंचायत के वार्ड नंबर 41 की महिला सदस्य गांव मखियाली निवासी जरीन के शौहर शाहनवाज शुक्रवार करीब 10.30 बजे रात नई मंडी थाना क्षेत्र के भोपा रोड स्थित एक पेपर मिल के सामने बैठे हुए थे। आरोप है कि उसी समय वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शाहनवाज के हाथ व सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते में लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। पास ही मौजूद कुछ परिचित लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य के पति पर हमले की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात नई मंडी थाने पहुंचे और घटना के विरोध में हंगामा करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। हालांकि हमलावर कौन थे, इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा कोई जानकारी फिलहाल पुलिस को नहीं दी गई है। वहीं, जिला अस्पताल में सपा नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है, जिसके चलते घटना के तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है। देर रात तक पुलिस हमलावरों को चिह्नित करने के प्रयास कर रही थी।