जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जिले में एलपीजी एवं पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। स्थायी रूप से घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। ओटीपी के जरिए रिफिल डिलीवरी की व्यवस्था करें। किसी भी स्तर पर भ्रम फैलाने एवं अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के मैसेज, वीडियो, ऑडियो पर पुलिस विभाग कड़ी नजर रखे।
डीएम ने कहा कि पुलिस गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस वितरण की सुचारू व्यवस्था कराए और कानून व्यवस्था बनाए रखें। एलपीजी परिवहन में लगे वाहनों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। गैस सिलिंडरों के परिवहन में लगे वाहनों को जनपद में पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कदम उठाए जाएं। राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, ऑयल कंपनी के साथ स्थानीय प्रशासन व पुलिस के अधिकारी लगातार भ्रमण करें।
डीएम ने गैस वितरण से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए खाद्य तथा रसद विभाग जिला पूर्ति कार्यालय मेरठ में कंट्रोल रूम का गठन किया है। इसके लिए टेलीफोन नंबर 0121-2665277 24 घंटे संचालित रहेगा।
जिलापूर्ति विभाग ने औद्योगिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चेताया
जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी औद्योगिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने औद्योगिक परिक्षेत्र में एलपीजी ईंधन के रूप में घरेलू एलपीजी श्रेणी के सिलिंडरों का किसी भी प्रकार से उपयोग न करें। जिले का पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, जिला पूर्ति कार्यालय के संयुक्त अधिकारियों की टीमों द्वारा लगातार औद्योगिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का दुरुपयोग रोकने को जांच की जा रही है। इसका दुरुपयोग पाए जाने पर एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर-2000 और बीएनएस की धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घरेलू गैस का दुरुपयोग न करने की अपील
जिलापूर्ति विभाग ने किसी भी औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान से घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का दुरुपयोग नहीं करने की अपील की है। पूर्ति अधिकारियों ने कहा कि घरेलू इंडेन एलपीजी ग्राहकों से अनुरोध है कि वे त्वरित बुकिंग, भुगतान और अपने एलपीजी इंडेन खाते के प्रबंधन के लिए इंडियन ऑयल वन ऐप का उपयोग करें। ग्राहक घबराएं नहीं और जल्दबाजी में बुकिंग न करें। जिले में पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है और यदि उनके घर में सिलिंडर में पर्याप्त एलपीजी बची है, तो उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। वे इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से एलपीजी सिलिंडर बुक कर सकते हैं और सिलिंडर उनके घर पर ही डिलीवर किया जाएगा।