संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ईदगाह रोड स्थित कब्रिस्तान क्षेत्र में जल निकासी के लिए प्रस्तावित नाले को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। बुधवार को दोनों पक्षों द्वारा प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। शाम तक मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका।
ईदगाह रोड स्थित कब्रिस्तान के निकट कुछ आवासीय भवन और डेयरी संचालित हैं। क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है। एक पक्ष का कहना है कि गंदे पानी की निकासी के लिए नाले को तालाब तक पहुंचाया जाना आवश्यक है। दूसरे पक्ष ने कब्रिस्तान की भूमि से नाला निकाले जाने पर आपत्ति जताई है। बुधवार को नाला निर्माण की मांग कर रहे लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। इसके बाद आपत्ति जता रहे पक्ष के लोग भी तहसील पहुंचे और अपना पक्ष प्रशासन के समक्ष रखा। एसडीएम ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा। राजस्व टीम ने स्थल का निरीक्षण कर पैमाइश की। पैमाइश के बाद टीम ने रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोनों पक्षों से बातचीत कर तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।