सरधना। ईकड़ी गांव में मकान के मुख्य गेट के सामने दीवार खड़ी करने को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़ित वीरेंद्र कुमार ने पड़ोसी पर पुश्तैनी रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है। वीरेंद्र कुमार ने सोमवार को एसडीएम सरधना से शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके मकान के सामने पूर्वजों के समय से आम रास्ता है। आरोप है कि पड़ोसी ने उनकी गैरमौजूदगी में गेट के सामने दीवार बना दी। इससे परिवार और मवेशियों के आवागमन में परेशानी होगी। वीरेंद्र कुमार का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने एसडीएम से जांच कर दीवार हटवाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने राजस्व टीम को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।