सरधना। गांव नंगला ऑर्डर में राशन एजेंसी के आवंटन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बृहस्पतिवार को एक पक्ष के दर्जनों ग्रामीण पूर्व विधायक संगीत सोम के आवास पर पहुंचे और विरोधी पक्ष पर दबंगई व उत्पीड़न के आरोप लगाए।
गांव नंगला आर्डर में पूर्व राशन डीलर सोरन की एजेंसी शिकायतों के आधार पर निरस्त कर दी गई थी। सोमवार को मतदान के जरिए नई एजेंसी के लिए चुनाव आयोजित किया गया, जिसमें रीना पत्नी रविंद्र को बहुमत मिलने पर राशन डीलर के रूप में चयनित किया गया। परिणाम घोषित होते ही विरोधी पक्ष ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए दोबारा चुनाव कराए जाने की मांग उठाई।
रीना के समर्थकों का कहना है कि पूरा चुनाव निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ है। विरोधी पक्ष अब दबाव बनाने और डराने की कोशिश कर रहा है। इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक संगीत सोम से भेंट कर अपनी बात रखी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिकायत करने वालों में शकुंतला, इकबाल, सुशील, अरुण, नवीन, जितेंद्र, राजन, सतेंद्र, डब्बू, अनूप, नवेंद्र, दीपक, करण सिंह, पप्पू, बिरजू, मांगे, रविन्द्र, गुड्डू, रमेश, हरेंद्र, जगदीश और सनी आदि शामिल रहे।