सरधना। क्षेत्र के गांव बुबकपुर के पास मेरठ-करनाल हाईवे पर ओवरटेक करने को लेकर बस व ट्रक चालक में विवाद के बाद मारपीट हो गई। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
शनिवार को शामली की ओर से कुछ लोग बस में सवार होकर मेरठ कमिश्नरी पर धरना प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। इसी तरफ से ईंटों से लदा ट्रक भी मेरठ की ओर आ रहा था। गांव नानू व भूनी के बीच ट्रक चालक ने बस को ओवरटेक किया। कुछ देर बाद बस चालक तेजी से ट्रक को ओवरटेक करते हुए आगे निकल गया।
नानू गंगनहर पुल के निकट ट्रक चालक ने बुग्गी सामने आने पर कट मारा और बस को ओवरटेक कर दिया। इस दौरान बस डिवाइडर से टकराने से बची। कुछ दूर चलने के बाद इसमें सवार लोगों ने बुबकपुर गांव के सामने ट्रक को रोक लिया। ट्रक चालक से विरोध जताया। इसे लेकर दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई।
आरोप है कि ट्रक में सवार दो अन्य लोगों ने बस पर पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक व उसके चालक सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ट्रक चालक नसीम पुत्र शराफत, सलीम व एक अन्य निवासी खिवाई का शांति भंग में चालान कर दिया।