मेरठ। दो दिन से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद सड़क परिवहन विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। खासकर स्कूल के वाहनों की 15 अगस्त तक जांच पड़ताल की जाएगी। शुक्रवार को भी आरटीओ विभाग और यातायात पुलिस ने शहर में वेस्टर्न रोड और कंकरखेड़ा में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कई वाहनों के चालान काटे और सीज किए।
आरटीओ प्रवर्तन राजकुमार सिंह और एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कर्दम, ट्रैफिक पुलिस को साथ वेस्टर्न रोड स्थित स्कूलों में पहुंचे। टीम ने जहां विद्यालयों के बाहर उन सभी वाहनों की तलाश की इनमें बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। जब कोई ऐसा वाहन नहीं मिला तो, स्कूल प्रबंधकों से ऐसे सभी वाहनों का रिकॉर्ड मांग लिया। साथ ही स्कूलों के बाहर सड़कों पर लोगों को यातायात नियमों का अनुपालन करने, हेलमेट, सीट बेल्ट लगाने के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा टीम ने यहां से गुजरने वाले वाहनों की चैकिंग की। इनमें से कई दो पहिया वाहनों के चालान किए। छह कारों के खिलाफ सीज करने की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कर्दम ने कहा कि सभी स्कूली वाहनों के खिलाफ पहले से भी छापेमारी करके कार्रवाई की जा रही है। अब 15 अगस्त तक प्रतिदिन विशेष अभियान शुरू किया गया है।