मेरठ। पीएल शर्मा रोड पर एक बेकरी में हुए विवाद में दिव्यांग कारीगर कैलाश के बेलन मारकर अन्य तीन कारीगरों ने हमला कर सिर फोड़ दिया। कैलाश को अस्पताल ले जाया गया, उनके सिर 12 टांके लगे हैं। लालकुर्ती थाने पहुंचे परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
विज्ञापन
बुलंदशहर निवासी दिव्यांग कैलाश पीएल शर्मा रोड स्थित किंग बेकरी पर काम करते हैं। कैलाश ने बताया कि वह बुधवार को मोबाइल पर गाना सुन रहे थे। इसकी आवाज तेज होने पर साथ में काम कर रहे तीन कारीगरों ने उनसे गाली गलौज की। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट की। सिर में बेलन से किए गए हमले से दिव्यांग लहूलुहान हो गया। दुकान मालिक को सूचना दी तो उसने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कैलाश ने आरोप लगाया कि तीनों हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। थाना लालकुर्ती पहुंचकर कैलाश ने तीनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और सीसीटीवी भी खंगाले। जिसके आधार पर पुलिस ने मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।