दिल्ली रोड पर आवाजाही में आफत
मेरठ। दिल्ली रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई है। रविवार के बाद सोमवार को भी ट्रैफिक पुलिस का प्लान कारगर नहीं रहा और लोग जाम से जूझते रहे। हालात ऐसे थे कि दिल्ली रोड पर आवाजाही से बचने के लिए लोग जिस भी रूट से निकले, वहीं फंस गए।
दिल्ली रोड पर रैपिड रेल के काम के लिए प्रोजेक्ट के अधिकारियों और मेरठ पुलिस और प्रशासन की मीटिंग हो चुकी है। शहर में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए मेरठ पुलिस ने रूट मैप बनाया था। सोमवार को जीरो माइल से बेगमपुल तक ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए वनवे कर दोनों तरफ वाहनों के आवागमन के लिए बीच में अस्थायी डिवाइडर बनाया गया था। हालात बेकाबू होने पर ट्रैफिक अधिकारियों के साथ थाना पुलिस भी जाम खुलवाने में जुटी लेकिन खास नतीजा नहीं निकला।
इन जगहों पर दिन भर जाम
सोमवार सुबह 9 बजे से जीरो माइल, बेगमपुल, भैसाली अड्डे, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहे, बागपत अड्डा चौराहा और दिल्ली चुंगी पर जाम लगा रहा। दिल्ली रोड से बचने के लिए लोगों ने मॉल रोड से होते हुए औघड़नाथ मंदिर के सामने का रास्ता पकड़ा, लेकिन वहां भी व्यवस्था फेल हो गई। दूसरे रूट मवाना रोड से, शास्त्री नगर व साकेत से कई लोग बिजली बंबा रोड से दिल्ली रोड पर पहुंचे।
ट्रैफिक प्रबंधन से अनजान हैं कंपनी के गार्ड
दिल्ली चुंगी से जीरो माइल तक तीन जगह अंडरग्राउंड रैपिड स्टेशन बनाने के लिए एफकॉंस कंपनी ने जगह-जगह गार्ड तो लगाए हैं लेकिन उन्हें ट्रैफिक प्रबंधन की जानकारी नहीं है। गार्डों को ट्रैफिक प्रबंधन के साथ-साथ उस रूट पर आने वाले वाहन चालकों को रास्ता दिखाना भी है लेकिन वह ये सब नही कर पा रहे हैं। इसके चलते दूर से आने वाले वाहन चालक सामने रास्ता बंद समझ कर बीच मे ही ब्रेक लगाकर गाड़ी घुमाने लगते हैं। इससे जाम लग जाता है।
विकल्पों के लिए बनाया जा रहा रूट मैप
दिल्ली रोड पर व्यवस्था बनाने का काम चल रहा है। रैपिड रेल प्रोजेक्ट कंपनी के गार्ड भी जगह-जगह लगे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए दिल्ली रोड के अलावा भी लोगों को विकल्प दिए जाने हैं। इसका रूट मैप तैयार हो रहा है।
- जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक