पंचायत चुनाव : सोशल मीडिया की निगरानी करेंगे ‘डिजिटल वालंटियर’
मेरठ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार का बड़ा माध्यम बनेगा। आरक्षण की स्थिति साफ होते ही संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया पर सक्रिय होने लगे हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने भी सोशल मीडिया सेल के ‘डिजिटल वालंटियर्स सक्रिय कर दिए हैं। ये वालंटियर सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने और प्रलोभन देने वालों की निगरानी करेंगे।
पिछले पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया का ज्यादा प्रयोग नहीं किया गया था। लेकिन इस बार स्थिति अलग है। दावेदारों ने फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि पर सुप्रभात, शुभकामनाएं, जन्मदिन और सालगिरह जैसे संदेशों के माध्यम से समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। जिले के करीब चार हजार वालंटियर और पुलिस मित्र इन प्रचार सामग्री की सच्चाई परखेंगे। झूठ परोसकर माहौल खराब करने वालों को चिह्नित कर थाना पुलिस की मदद से एकाउंट डिलीट करेंगे। साथ ही एफआईआर भी दर्ज कराएंगे।
--
सोशल मीडिया पर रखना होगा ध्यान
एसपी क्राइम रामअर्ज का कहना है कि जाति और धर्म आधारित टिप्पणी से दूर रहें। खुद का प्रचार करें लेकिन प्रतिद्वंद्वी को लेकर गलत पोस्ट न डालें। अपने पक्ष में समर्थन के लिए किसी तरह का प्रलोभन ना दें। व्हाट्सएप पर बने ऐसे ग्रुप में प्रचार से बचें जिससे माहौल खराब होता हो। फेसबुक-व्हाट्सएप पर कोई गलत पोस्ट देखें तो साइबर सेल के नंबर 7839855538 पर सूचना दें। भ्रामक पोस्ट कर माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। डिजिटल वालंटियर हर पोस्ट की निगरानी करेंगे।