मवाना - सेवानिवृत्ति पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र के लिए शिविर का आयोजन किया गया। स्रोत: सं
- मोबाइल एप से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया समझाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सेवानिवृत्त पेंशनरों की सुविधा के लिए शनिवार को तहसील मवाना में एक विशेष शिविर आयोजित हुआ। इसमें 25 पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाए गए। पेंशनरों को मोबाइल एप से घर बैठे प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई।
यह शिविर मुख्य कोषाधिकारी जाह्नवी मोहन के निर्देश पर लगा था। सहायक कोषाधिकारी कृपाल सिंह, कोषागार लेखाकार ललित कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर विनीत शर्मा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुभाष चंद्र मौजूद रहे। अधिकारियों ने पेंशनरों को डिजिटल प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने पेंशनरों की समस्याओं का समाधान भी किया। इस सुविधा से बुजुर्ग और अस्वस्थ पेंशनरों को विशेष राहत मिलेगी। उन्हें अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
पेंशनर गूगल प्ले स्टोर से आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण एप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ओटीपी से पहचान सत्यापित करनी होगी। पेंशन का प्रकार, स्वीकृति प्राधिकारी, कोषागार, पीपीओ नंबर, बैंक खाता और आईएफएससी कोड जैसी जानकारी भरनी होगी। चेहरे का स्कैन कर डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा किया जा सकता है। जमा होने के बाद मिली रसीद को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।