पुलिस लिखी लालबत्ती जिप्सी के मालिक अमित जानी के खिलाफ डीआईजी ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिये हैं। जिप्सी को सीज करने की भी बात कही है। डीआईजी ने कहा कि गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मोहम्मद अब्बास की जांच होगी। साथ ही इस बात की भी जांच की जाएगी कि अमित जानी की गाड़ी अब्बास की सुरक्षा में कैसे लगी।
डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि फर्जी तरीके से पुलिस लिखी लालबत्ती जिप्सी से शहर में घूमने का मामला गंभीर है। इसके जरिये आम लोगों को भ्रमित करने का काम किया गया। पुलिस की जांच में पता चला है कि जिप्सी उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी है। डीआईजी ने एसएसपी जे. रविंदर गौड़ को निर्देश दिया है कि यह जिप्सी तत्काल सीज की जाए। गाड़ी मालिक अमित जानी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया जाए।
श्रम विभाग के सलाहकार मोहम्मद अब्बास खुद यह बयान दे चुके हैं कि दो साल पहले उन्होंने अमित जानी से यह जिप्सी ली थी। इससे साफ है कि इसका इस्तेमाल वही कर रहे हैं। ऐसे में क्या पुलिस अब्बास के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी? इस पर डीआईजी ने कहा कि जांच जरूर कराई जाएगी। पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि अब्बास व अमित जानी के क्या संबंध हैं और यह गाड़ी उनके पास कैसे आई।
पर पुलिस को नहीं दिख रही जिप्सी
बुधवार को पुलिस लिखी लालबत्ती जिप्सी को शहर में घूमते देखा गया था। इसके बारे में एसएसपी को जानकारी दी गई थी। एसएसपी ने जांच के बाद बताया कि यह गाड़ी फर्जी तरीके से शहर में घूम रही है। बृहस्पतिवार को दिनभर पुलिस गाड़ी की तलाश करने का दावा करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। जबकि, अमर उजाला ने इस गाड़ी को शहर में देखा ही नहीं, बल्कि उजागर भी किया कि यह दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मोहम्मद अब्बास की सुरक्षा में चल रही है। इसके बाद पुलिस भी चुप्पी साधकर बैठ गई है।
लाल-नीली बत्ती गाड़ियों की चेकिंग के निर्देश
अब्बास की सुरक्षा में लगी पुलिस की फर्जी जिप्सी पर तो पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी, लेकिन एसएसपी ने शुक्रवार को यह आदेश जरूर जारी कर दिये कि लाल और नीली बत्ती गाड़ियों की चेकिंग कराई जाए। इसके बाद सीओ और थानेदारों ने शुक्रवार शाम चेकिंग भी की। ऐसे में सवाल यह उठ रहे हैं कि सपा नेता की सुरक्षा में चल रही पुलिस की फर्जी जिप्सी को छोड़ पुलिस ने नया राग क्यों छेड़ दिया है।
खादी के आगे बौनी पड़ी खाकी
डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लिखी लालबत्ती जिप्सी के मालिक के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिये हैं, लेकिन जो अपनी सुरक्षा में गाड़ी चलवाने का दावा कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई से पुलिस के भी हाथ कांप रहे हैं।
मुझे मिलेगी वाई श्रेणी सुरक्षा : अब्बास
श्रम विभाग के सलाहकार मोहम्मद अब्बास ने दावा किया है कि उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने वाली है। इस संबंध में शासन की ओर से स्थानीय अफसरों को पत्र जारी होने का भी दावा किया है। उधर, अब्बास विरोधी सपाइयों ने पुलिस की फर्जी जिप्सी प्रकरण की जानकारी पार्टी हाईकमान तक पहुंचा दी है।