संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा/किठौर। किठौर थाना क्षेत्र के अम्हैड़ा सानी गांव के दिव्यांग सूरज गिरी ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही है। पीड़ित सूरज गिरी अपने भाइयों के साथ गांव छोड़कर मेरठ में रहने को मजबूर हुए हैं।
सूरज गिरी ने किठौर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी 22 सितंबर 2025 को पूर्णिया, बिहार की सोनी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनकी पत्नी के संबंध गांव के सोनू से हो गए। इसके बाद पत्नी और वह अलग रहने लगे। सूरज के अनुसार, 20 अगस्त को सोनू उनकी पत्नी को लेकर फरार हो गया। दोनों ने फोन पर सूरज से बात की और 50 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। सूरज ने बताया कि वह दोनों हाथों से दिव्यांग हैं। आरोपी के परिजन उनके साथ मारपीट और अभद्रता कर रहे हैं।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना ने बताया कि पीड़ित सूरज गिरी और उनकी पत्नी दोनों पक्षों की काउंसिलिंग चल रही है। यदि काउंसिलिंग में कोई निर्णय निकलता है, तो आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।