मवाना। कई गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर भाकियू भानु के कार्यकर्ता हस्तिनापुर रोड स्थित बिजलीघर पर पहुंचे। एसएसओ द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए बिजलीघर पर धरने पर बैठ गए। साथ ही बिजली घर से हो रही आपूर्ति को बंद करा दिया। एसएसओ व दो लाइनमैनों का स्थानांतरण किए जाने की मांग की। नायब तहसीलदार व एसडीओ द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर मामला शांत हुआ। लगभग चार घंटे तक आधे नगर की बिजली आपूर्ति ठप रही।
बृहस्पतिवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू भानु के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा हस्तिनापुर रोड मवाना गंग नहर स्थित बिजली घर का घेराव कर धरना दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि उक्त बिजली घर द्वारा गांव करीमपुर, कोहला, सैदीपुर को विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं दी जा रही है। किसानों द्वारा अभियंता को कई महीनों से जर्जर विद्युत लाइन के बारे में बताने के लिए हजारों बार फोन किए, लेकिन वह कभी भी फोन नहीं उठाते व एसएसओ और दो लाइनमैनों का भी किसानों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है।
धरनारत कार्यकर्ताओं व किसानों ने बिजलीघर से आपूर्ति बंद करा दी। इससे तहसील, सीएचसी, नगर पालिका सहित आधे नगर की बिजली आपूर्ति लगभग चार घंटे तक बंद रही। मांग की कि एसएसओ सहित दोनों लाइनमैनों का तत्काल प्रभाव से स्थान परिवर्तन किया जाए। धरने की सूचना पर नायब तहसीलदार नितेष सैनी, एसडीओ वसील कुमार, एसडीओ फलावदा आदि धरनास्थल पर पहुंचे और वार्ता की।
एसएसओ सहित तीनों के संंबंध में आला अधिकारियों को लिखित में भेजकर कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इसके बाद बिजली आपूर्ति चालू हो सकी।
धरने में अमित त्यागी गणेशपुर प्रदेश अध्यक्ष (युवा) पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अंकित गुर्जर प्रदेश महासचिव, पुनीत त्यागी जिला अध्यक्ष, नितिन कुमार प्रदेश महामंत्री, अंशुल कुमार तहसील अध्यक्ष, मनोज, पिंटू, रवि, राहुल, सुनील, गौरव प्रधान, छोटू, प्रिंस आदि कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।