माछरा/मुंडाली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गांव भटीपुरा में स्थित उमा लोक नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छात्रों पर अमर्यादित टिप्पणी व छात्राओं पर गलत तरीके से तंज कसने को लेकर प्रदर्शन किया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने काॅलेज के प्रधानाचार्य को हटाने की मांग की। विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य को हटाने के साथ-साथ नर्सिंग के छात्रों से पोस्टिंग व प्रैक्टिकल, फाइनल फीस के नाम पर अवैध वसूली करने, प्रैक्टिकल के नाम पर प्रताड़ित करने, स्कॉलरशिप के फॉर्म आगे फॉरवर्ड नहीं करने आदि आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया। वहीं धरना-प्रदर्शन की सूचना पर माछरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और काॅलेज परिसर में ही रही।
कॉलेज प्रशासन ने सभी मांगों काे मानने व प्रिंसिपल काे हटाने के लिए 15 अप्रैल तक का समय मांगा। इसके बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। वहीं, अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा की अगर 15 अप्रैल तक सभी मांगे नहीं मानी गई तो बड़े स्तर पर आंदोलन कर कॉलेज की मान्यता रद्द होने तक आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर अभाविप के विभाग संयोजक आर्यन प्रजापति, प्रांत संयोजक सचिन उपाध्याय, विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष मोहित तोमर, विभाग संगठन मंत्री अनुज ठाकुर, निशांत आदि कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थिति रहे।