हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव जलालपुर जोरा में सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर डीएफओ वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच के निर्देश दिए।
गंगा किनारे बसे गांव जलालपुर जोरा निवासी बिजेंद्र, इंदल, भोपाल, चमन, नरेंद्र आदि ग्रामीणों द्वारा राजस्व विभाग और वन विभाग को गांव के जंगल में मौजूद हजारों हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की गई थी। मंगलवार को वन विभाग की डीएफओ वंदना, हस्तिनापुर वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने वन विभाग की सरकारी भूमि को चिह्नित कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण नरेंद्र ने बताया कि जलालपुर जोरा गांव के जंगल में भूमाफिया द्वारा हजारों हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। कई किसानों की लगानी भूमि पर भी उनका कब्जा है। प्रशासनिक अधिकारियों से की गई शिकायत के बाद पिछले महीने राजस्व विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर भूमि को चिह्नित किया था परंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी भूमि को जल्द ही खाली नहीं कराया जाता तो वह इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे।