संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में शारदीय नवरात्र के अवसर पर बंगाली बाजार चौराहे पर स्थित सार्वजनिक स्थायी श्री दुर्गा माता मंदिर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के पांचवें दिन बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। पूजा में अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्री दुर्गा पूजा सांस्कृतिक विकास कमेटी के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में बंगाली संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली। महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक बंगाली अंदाज में पारंपरिक धुनुची के साथ आरती कर मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
आरती के दौरान भक्ति गीतों और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम स्थल पर बच्चों ने बांग्ला और हिंदी भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। महोत्सव में बबलू विश्वास, नारायण नियोगी, रतन विश्वास और सुभाष, वार्ड सभासद मनोज पासी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी व्यवस्था में जुटे रहे।
महोत्सव में मेले का आयोजन
दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर बंगाली बाजार चौराहे पर स्थित सार्वजनिक स्थायी श्री दुर्गा माता मंदिर के आसपास मेले का आयोजन किया गया। मेले में पहुंचे लोगों ने परिवार के पूजा-अर्चना के साथ खरीदारी का आनंद लिया। मेले में लगी दुकानों पर बच्चों और महिलाओं की भीड़ नजर आई।