सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग में किसान की गन्ने की खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसान तुफैल ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह खेत गया था। उसने खेत में ट्रैक्टर के पहिए के निशान व टूटे हुए गन्ने देखे। आरोपी पास के ही खेत में ट्रैक्टर लेकर खड़ा था। उसने फसल नष्ट करने का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली गलौज की। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।