मेरठ में फर्जी डॉक्टर को ले जाती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आया फर्जी डॉक्टर मनीष कौल बड़ा शातिर है। मेरठ में दो क्लीनिक और शहर के कई निजी अस्पतालों में जाकर मरीजों को देखने के अलावा कई घपले करता था। हमदर्द बनकर कई बड़े लोगों से वह ठगी कर चुका है। अपनी पत्नी से भी 70 लाख रुपये हड़प चुका है।
दिल्ली डीसीपी (पश्चिम) विजय कुमार ने बताया कि फर्जी डॉक्टर मनीष कौल की पोल उसकी पत्नी ने खोली है, जो कि दंत रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस को बताया कि 2015 में शादी डॉट कॉम पर मनीष कौल से संपर्क हुआ था। मनीष ने विदेश से एमबीबीएस और एमडी की डिग्री होने दावा किया था। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। दंपती का एक बेटा भी है। शादी के बाद से मनीष उसका उत्पीड़न करने लगा। करीब 70 लाख रुपये भी हड़प लिए। महिला का कहना है कि उसने पता किया तो मनीष की फर्जी डिग्री की जानकारी हुई। इसके बाद उसने दिल्ली पुलिस से शिकायत की। आरोपी मनीष के खिलाफ चंडीगढ़, दिल्ली समेत कई राज्यों में मुकदमे दर्ज हैं।
पोल खुली तो अस्पतालों में खलबली
फर्जी डॉक्टर की पोल खुलने पर शहर के कई अस्पतालों में खलबली मच गई। दो साल से लोगों का इलाज यह फर्जी डॉक्टर कर रहा था। दिल्ली पुलिस के गिरफ्तार करने के बाद शहर के डॉक्टरों ने इसकी जानकारी जुटानी शुरू की। देर रात तक अस्पताल संचालक सफाई देते रहे कि उनके यहां इस डॉक्टर का कोई मरीज भर्ती नहीं था।
लाइफ लाइन अस्पताल में भी आता था
पुलिस ने बताया कि शुभकामना और लाइफ लाइन अस्पताल में इस फर्जी डॉक्टर का ज्यादा आना-जाना था। इसकी जानकारी लगने पर पुलिस ने दोनों अस्पतालों का रिकॉर्ड मांगा है। फर्जी डॉक्टर की पोल खुलने पर एसएसपी ने भी जांच कराने की बात कही है। दोनों क्लीनिकों को सील कराया जाएगा। सीएमओ इस मामले में जानकारी लेकर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।