मेरठ। डेंगू पांव पसार चुका है। लगातार मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल की लैब में तीन लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है।
22 साल और 35 वर्षीय युवक रसूलपुर धौलड़ी और सिवालखास के रहने वाले हैं, जबकि 23 वर्षीय युवती न्यू देवपुरी की है। इस साल अब तक डेंगू के 39 मरीज मिल चुके हैं। इनमें छह मरीज अन्य जिलों के हैं और 33 मेरठ जिले के। शुरुआत में सामान्य सा लगने वाला यह बुखार देरी या गलत इलाज से जानलेवा साबित हो सकता है। लिहाजा बचाव और वक्त पर सही इलाज से इससे बचा जा सकता है। डेंगू से बचने के दो ही उपाय हैं। एक एडीज मच्छरों को पैदा होने से रोकना और दूसरा एडीज मच्छरों के काटने से बचाव करना।
यह बरतें सावधानी
घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
पानी की टंकी को अच्छी तरह बंद करके रखें।
खिड़कियों और दरवाजों पर महीन जाली लगवाकर मच्छरों को घर में आने से रोकें।
ऐसे कपड़े पहने जिससे शरीर का ज्यादा से ज्यादा हिस्सा ढका रहे।
रात को सोते समय मच्छरदानी लगाएं।