- श्री रामा मंडल ने एसडीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र, मंदिर के मुख्य द्वार के सामने और आसपास दुकानें संचालित होने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। धर्मपुरा मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक श्री राम तलैया मंदिर के आसपास संचालित मांस-मछली की दुकानों और नॉनवेज होटलों को बंद कराने की मांग की गई है। श्री रामा मंडल के पदाधिकारियों ने एसडीएम सरधना को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंडल की ओर से दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि श्री राम तलैया मंदिर नगर का प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है। यहां सनातन धर्म के विभिन्न पर्वों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। आरोप है कि मंदिर के मुख्य द्वार के सामने पूर्व दिशा में पांच से छह मांस-मछली की दुकानें संचालित हैं। मंदिर के मुख्य द्वार से दक्षिण दिशा की ओर जाने वाले मार्ग पर भी मांस की दुकानें और चार से पांच नॉनवेज होटल चल रहे हैं।
मंडल पदाधिकारियों का कहना है कि मंदिर के आसपास इस प्रकार की दुकानें और होटल संचालित होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होने और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी जताई गई है। प्रार्थना पत्र में मंदिर परिसर के 200 मीटर के दायरे में मांस-मछली की दुकानें, नॉनवेज होटल और ठेले संचालित किए जाने पर रोक होने का हवाला देते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच कराने की मांग की गई है।
मंडल ने एसडीएम से मामले का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने और कथित रूप से नियमों के विरुद्ध संचालित दुकानों व होटलों को बंद कराने की मांग की है। प्रार्थना देने में श्री रामा मंडल के मंत्री एवं अधिवक्ता अंकित सैनी, जगमोहन सिंह, मुकेश, रामपाल, कपिल, नीरज, पवन, देवेंद्र, अनुज, हिमांशु, बोबी, अरुण आदि शामिल रहे।