संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। मानव समाज सेवा संस्थान (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर संजीव सिंह राणा ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इन डेयरियों को कस्बे से बाहर कराने की मांग की है।
संस्थान की ओर से भेजे गए पत्र में बताया कि सरधना कस्बे और तहसील क्षेत्र में बड़ी संख्या में डेयरियां अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि इन्हें आबादी वाले क्षेत्र से बाहर स्थापित किया जाए। संबंधित विभागों के कुछ कर्मचारी और स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के चलते ये डेयरियां अब तक जारी हैं। कई डेयरियां बिना किसी मानक और नियमों के संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ठाकुर संजीव सिंह राणा ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि संज्ञान लेते हुए अवैध डेयरियों को कस्बे से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और आम लोगों को राहत मिल सकेगी।