मवाना। नामित सभासद अर्जुन काली ने संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम को ज्ञापन देकर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी को ऊंचा और मजबूत कराए जाने की मांग की है। अर्जुन काली ने एसडीएम संतोष कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में बताया कि तहसील के निकट मैदान से सटा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में लगभग 200 छात्राएं अध्ययन करती हैं। नगर पालिका द्वारा विद्यालय से मिली हुई दीवार के बराबर में ओपन स्टेडियम की सीढ़ियां बनवा रही हैं। विद्यालय की दीवार पहले से ही बहुत छोटी है। सीढ़ियां बनने के कारण विद्यालय में असामाजिक तत्व आराम से कूदकर प्रवेश कर सकता है। पहले भी कई बार ग्राउंड में नशा करने वाले व्यक्तियों का आना-जाना लगा रहता है। जिससे विद्यालय की बालिकाओं काे खतरा है। सरकार की मंशा को ध्यान में रखते हुए पहले विद्यालय की दीवार को ऊंचा और मजबूत कराई जाए। एसडीएम ने नगर पालिका ईओ को जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए हैं।