संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। टीपीनगर में जातिगत आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में अधिवक्ताओं ने आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट लगाने की मांग की है। एसएसपी ऑफिस पहुंचे अधिवक्ताओं ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की मदद करने के लिए एससी-एसटी एक्ट नहीं लगाया है। वहीं शोषित क्रांति दल के अध्यक्ष रवि कांत ने भी टीपीनगर पुलिस से एससी-एसटी एक्ट लगाने की मांग की है।विगत दिनों 21 सेकंड की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बृहस्पतिवार को सौरभ कुमार गौतम निवासी मोहकमपुर ने टीपीनगर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि कुछ युवकों ने जातिगत आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की है। पुलिस ने आरोपी चिरंजीव उर्फ चीकू, पवन कुमार निवासी मोहकमपुर, गोलू यादव निवासी जसवंत नगर मलियाना और वंश शर्मा निवासी शिवपुरम को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में एसएसपी ऑफिस पहुंचकर अधिवक्ताओं ने एससी-एसटी एक्ट लगाने की मांग रखी। इस दौरान सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के महासचिव किशन जाटव, एडवोकेट प्रवीण भारती, देव बहादुर, रजनीश सिंह, अशोक, रोहित, अंकित कुमार आदि मौजूद रहे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने कहा पूरे प्रकरण की जांच चल रही है। यदि आवश्यकता होगी तो धाराएं बढ़ाई जा सकती है।