संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। लावड़ नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ ने शनिवार को तहसील दिवस में ज्ञापन दिया। संघ ने कई वर्षों से कार्यरत ठेके पर रखे गए कर्मचारियों को काम से न हटाने की भी मांग की।
जिलाध्यक्ष विक्की पार्चा ने तहसील में यह ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि ठेके पर रखे गए सफाई कर्मचारी पिछले छह-सात वर्षों से पूरी मेहनत से काम कर रहे हैं। आरोप है कि इन कर्मचारियों को हटाने की बात कही जा रही है। नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों की संख्या पहले से ही कम है। कर्मचारियों को हटाने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। संघ ने कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखने की मांग की। किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर बिना जांच कार्रवाई न करने को कहा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लावड़ की आबादी करीब 24 हजार थी। वर्तमान में यह आबादी काफी बढ़ चुकी है। इसके बावजूद सफाई कर्मचारियों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। नगर पंचायत में करीब 45 कर्मचारी कार्यरत हैं। शासन के मानकों के अनुसार कर्मचारियों की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है।