संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। नगर के सार्वजनिक स्थानों पर लगे वाटर कूलर पिछले कई महीनों से खराब पड़े हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने इस संबंध में ज्ञापन देकर वाटर कूलर चालू करने की मांग की थी लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
कस्बे में मुख्य चौराहों पर नगर पंचायत द्वारा राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर लगाए गए हैं लेकिन वाटर कूलर ठंडा पानी तो दूर सादा पानी भी निकालने में असमर्थ हैं। कस्बे में कई कूलर ऐसे हैं जिसमें पानी ही नहीं आ रहा है। सूरज, उमरदराज, रोहित, योगेश आदि ने बताया पुराने बस स्टैंड पर लगा वाटर कूलर दो साल से खराब पड़ा है। ठंडा पानी तो दूर इसमें पानी ही नहीं आ रहा है। इधर से गुजरने वाले राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोगों को पानी मयस्सर नहीं हो रहा है।
वाटर कूलर चालू करने के लिए कस्बे के युवा व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष आशु पालीवाल, नायाब रिजवी, सुहैल रिजवी, वसीम अहमद, दानिश सलमानी, अकील अहमद, शादाब, अलीबाबा आदि ने अधिशासी अधिकारी सचिन पंवार को ज्ञापन देकर वाटर कूलर चालू कराने की मांग की थी लेकिन कूलर अभी तक चालू नहीं हो सके हैं।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सचिन पंवार का कहना है खराब पड़े वाटर कूलरों को चलवाने के लिए मिस्त्री काम कर रहे हैं। जल्द ही चालू करा दिए जाएंगे। कुछ स्थानों पर नए वाटर कूलर लगवा दिए गए हैं।