मेरठ सांसद अरुण गोविल ने दिल्ली में रेलमंत्री से मिलकर दिया सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भाजपा सांसद अरुण गोविल ने दिल्ली में मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने रेलमंत्री से वाराणसी-नई दिल्ली और नई दिल्ली से वाराणसी चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का हापुड़ जंक्शन पर स्थायी एवं नियमित ठहराव किए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि हापुड़ जनपद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का महत्वपूर्ण औद्योगिक, व्यापारिक, कृषि एवं शैक्षणिक केंद्र है। हापुड़ दिल्ली-मुरादाबाद-लखनऊ रेलखंड का महत्वपूर्ण जंक्शन भी है। इसके बावजूद ट्रेन संख्या 22417 (वाराणसी-नई दिल्ली) एवं 22418 (नई दिल्ली-वाराणसी) सुपरफास्ट एक्सप्रेस का हापुड़ जंक्शन पर ठहराव नहीं होता। इस कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिकों और दैनिक यात्रियों को गाजियाबाद, मुरादाबाद तक अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ती है। इसका ठहराव होने से हापुड़ के साथ पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना, सिंभावली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों नागरिकों और यात्रियों को सीधे रेल सुविधा उपलब्ध होगी। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं गंभीर रोगियों के लिए यह ठहराव अत्यंत सुविधाजनक और राहत देने वाला होगा। हापुड़ एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में यात्री उपलब्ध होने के कारण रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी। सांसद ने कहा कि मात्र दो मिनट का स्थायी ठहराव होने से इन ट्रेनों की समय-सारणी पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।