संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। श्री गांधी इंटर कॉलेज छुर के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने संपर्क मार्ग की पैमाइश कराने और मार्ग के दोनों ओर खेत स्वामियों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की गई है। विद्यालय के प्रबंध संचालक और प्रधानाचार्य ने उप जिलाधिकारी सरधना को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में बताया कि श्री गांधी इंटर कॉलेज छुर अशासकीय सहायता प्राप्त इंटरमीडिएट संस्था है। विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने संपर्क मार्ग के दोनों ओर खेत स्वामियों द्वारा भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। इसके चलते संपर्क मार्ग संकरा हो गया है। विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। वाहनों के आवागमन में परेशानी होने के कारण परीक्षा केंद्र पर आने वाले परीक्षार्थियों और अन्य वाहनों को दिक्कत होती है। विद्यालय प्रबंधन ने उप जिलाधिकारी से क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक और कानूनगो की टीम गठित कर संपर्क मार्ग की नियमानुसार पैमाइश कराने की मांग की है। साथ ही मार्ग पर किए गए अतिक्रमण की जांच कर उसे हटवाने का अनुरोध किया है। उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने मामले में नायब तहसीलदार सरूरपुर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।