मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में वर्षों से एक ही पद पर जमे कर्मचारियों के स्थानांतरण का मामला गरमा गया है। गत 27 मार्च को 117 कर्मचारियों का पटल परिवर्तन किए जाने के बाद संभावना जताई गई थी कि अगले सप्ताह बाकी कर्मचारियों का भी स्थानांतरण हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस मुद्दे को लेकर छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेता विनीत चपराना और पूर्व महामंत्री छात्र संघ अंकित अधाना ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अन्य कर्मचारियों के भी पटल परिवर्तन की मांग उठाई है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में वर्तमान में 587 स्थायी और अस्थायी कर्मचारी हैं। इनमें से सिर्फ 117 का ही स्थानांतरण हो पाया है। शेष कर्मचारी अभी भी वर्षों से एक ही पद पर बने हुए हैं। छात्र नेताओं का आरोप है कि इन कर्मचारियों की दलालों के साथ मिलीभगत है। इससे छात्रों के काम समय पर नहीं हो पाते हैं। चेतावनी दी गई कि इस मामले में सोमवार को कुलसचिव कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने साफ किया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे।